Ind Vs Eng: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक जड़ा, बल्ले से मचाया गदर

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

नई दिल्ली। यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा है। उन्होंने विशाखापट्टनम में 277 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने चौके के साथ अपना दोहरा शतक पूरा किया। इस दौरान युवा बल्लेबाज ने 72.66 की स्ट्राइक रेट से 19 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 6 टेस्ट मैचों की 10 पारियों में यह कारनामा करके दिखाया है। जायसवाल 290 गेंदों में 209 रन बनाकर एंडरसन के हाथों अपना विकेट गंवाकर पवेलियन लौट गए।

यशस्वी ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 171 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ इस पारी से पहले यह यशस्वी के टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। इस दोहरे शतक के साथ ही यशस्वी टेस्ट करियर में अपने 600 रन भी पूरे कर लिए हैं। 

यशस्वी ने 6 टेस्ट मैचों की 10 पारियों में अब तक कुल 609 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक जड़े हैं। साथ ही एक दोहरा शतक भी उनके नाम है। एक बार यशस्वी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में 0 पर पवेलियन लौटे थे। यशस्वी जायसवाल एक डब्ल्यूटीसी में दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। 

इससे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ये कारनामा कर चुके हैं। साथ ही यशस्वी सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। यशस्वी डब्ल्यूटीसी 2023-25 में एक पारी में सबसे ज्यादा 209 स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये साउद शकील 208 के नाम था।