भगवान शिव प्राण प्रतिष्ठा में गूंजा हर हर महादेव का शंखनाद

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

भेभौरा गांव में श्रद्धालुओं ने विधिविधान से देवाधिदेव महादेव का किया पूजन अर्चन

लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के भेभौरा गांव में भगवान शिव के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर तीन दिवसीय पूजन अर्चन में श्रद्धालु उमडे दिखे। इसके पहले प्राण प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धालुओ ने बाबा घुइसरनाथ धाम के लिए शोभा यात्रा भी निकाली। हर हर महादेव के शंखनाद के बीच मंदिर परिसर में मुख्य यजमान प्रकाशचंद्र मिश्र व सुनीता मिश्रा तथा केडी मिश्र एवं दीपक मिश्र ने पूजन अर्चन किया। 

यहां भण्डारे से पूर्व देवाधिदेव महादेव का सामूहिक ऊं नमः शिवाय जाप भी हुआ। भगवान शिवलिंग की स्थापना को लेकर संस्कृत विद्वान आचार्य पारसनाथ तिवारी के साथ विद्वानो ने मंत्रोजाप किया। इसके बाद हवन तथा श्रद्धालुओ को प्रसाद वितरित किया गया। 

स्थापना को लेकर देर शाम तक भण्डारे मे श्रद्धालुओ ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवानिवृत्त गृह सचिव रमेशचंद्र मिश्र, सेवानिवृत्त आईएएस राकेश ओझा तथा लखनऊ हाईकोर्ट अवध बार एसोशिएसन के महासचिव रामसेवक त्रिपाठी ने आध्यात्म के चिंतन पर सार्थक विचार रखे। कार्यक्रम का संयोजन भागवत समग्र विकास समिति के तत्वाधान में हुआ।

 आल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल तथा संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश ने भी आध्यात्मिक आयोजन की महत्वता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर भागवतभूषण पं. विनय शुक्ल, भागवत दत्त महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूनम त्रिपाठी, पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एसएन त्रिपाठी, राहुल सिंह, शारदा प्रसाद विश्वकर्मा, संतोष शुक्ल, संजय तिवारी, शेष नाथ तिवारी, सुभाषचंद्र तिवारी, राजेश तिवारी आदि रहे।