वात्सल्य ग्राम में सैनिक विद्यालय का रक्षा मंत्री ने योगी आदित्यनाथ के साथ किया लोकार्पण, दीदी मां के योगदान को बुलाया नहीं जा सकता : राजनाथ सिंह

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

मथुरा। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यहां पहुंचे। यहां पहुंचने पर हेलीपैड पर डीएम शैलेंद्र सिंह एसएसपी शैलेश पांडे ने अगवानी की। वृंदावन के वात्सल्य ग्राम में आयोजित षष्ठीपूर्ति महोत्सव साध्वी दीदी ऋतंभरा मां को जन्म दिवस की शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री ने उनको फलों की टोकरी व दुपट्टा पहना कर स्वागत कर लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा में अयोध्या के भव्य राममंदिर के निर्माण में साध्वी ऋतंभरा के योगदान को भुलाया नही जा सकता। राममंदिर निर्माण आंदोलन को उन्होंने धार देने का काम किया है। 

आज की भागदौड भरी जिंदगी में किसी के पास कोई समय नही है यहां तक कि अपने लिए भी नहीं परन्तु ऋतंभरा जी ने समाज के उत्थान के लिए काम किया, समाज को अपना परिवार माना है, वह राष्ट्र के प्रति निष्ठा दर्शाता है। आज उत्तर प्रदेश की जनता के मन में सुरक्षा समृद्धि गौरव का भाव पैदा हुआ है क्योंकि शासन का मुखिया एक संत योगी है। भारत एक अद्भुत देश है। ऋतंभरा जी का आदेश था वृन्दावन में बालिकाओं का सैनिक स्कूल होना चाहिए उसका उद्घाटन आज हो गया।

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरूआत राधे-राधे, बांकेबिहारी लाल की जय, भारत माता की जय के साथ करते हुए कहा कि अब संघर्ष से नही संवाद से समस्या का समाधान होगा। वात्सल्य ग्राम में भारत का परिदृश्य झलकता है। अयोध्या का नाम लेने में जो लोग संकोच करते थे वह आज निमंत्रण पत्र की बाट जोह रहे है। उन्होंने कहा कि देश की आवाम लंबे समय तक गुलामी खण्ड में कुप्रथा के साथ जी है, वात्सल्य ग्राम में आज से एक नये कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। 

यह बालिकाओं का सैनिक स्कूल खोले जाने से भारत की मिशन शक्ति का यह अद्भुत उदाहरण है। नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान स्वावलम्बन के लिए सबको एकजुट होकर कार्य करने होंगे। प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए प्रत्येक भारतवासी को पंचप्रण लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा हजारों वर्ष पूर्व पुष्पक विमान से प्रभु श्री राम अयाध्या आये थे आज वहां का पूरा इफ्रास्ट्रक्चर बदल गया है। छह-छह लेन की सड़क बन गयी है। 

22 जनवरी के पश्चात आप जब अयोध्या जायेंगे तब आपको त्रेता युग की याद आयेगी। अयोध्या सडक, वायु रेल मार्ग से जुडने के बाद जल्द ही जल मार्ग से जुडने जा रहा है। 140 करोड भारतीय आज इस ताकत को रखते है कि वह पूरी दुनियां को अपनी शक्ति दिखा सकें। महोत्सव में साध्वी ऋतंभरा जी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि माता-पिता ने उनका नाम निशा रखा था पर सद गुरू परमानंद जी ने उनको दीक्षा प्रदान कर नाम ऋतंभरा कर दिया।

संत परमानंद महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी उ.प्र में अन्याय नही कर रहे वह अन्यायियों को निपटा रहे है। देश का अभिषाप छुआ-छूत, उंच-नीच। समाज में समरसता आवश्यक है। उससे हमारा देश पुनः सोने की चिडिया बन जायेगा।महोत्सव को जगद गुरू राम भद्राचार्य, विजय कौशल महाराज, संत गुरू शरणानंद, गीता मनीषी श्रद्धानंद, गुरू मां आनंद मूर्ति, केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति आदि ने संबोधित किया। संचालन योग गुरू बाबा रामदेव कर रहे थे। साधु-संतों के अलावा मंच पर केबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण, संघ प्रचारक दिनेश जी, सेठ नारायणदाय, विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग भी मौजूद रहे।