दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

सहारनपुर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के द्वारा लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम मे नन्ही नन्ही बालिकाओं ने नृत्य के माध्यम से बेटियों की लोहड़ी का संदेश दिया। दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के दिव्य सान्निध्य में संचालित संस्थान का लिंग समानता प्रकल्प संतुलन के तहत कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए चल रहे राष्ट्र स्तरीय जागरूकता अभियान ‘‘तू है शक्ति’’ के अंतर्गत सहारनपुर के पन्त विहार स्थित आश्रम में लोहड़ी पर्व को बहुत धूमधाम से मनाया गया। 

इस अवसर पर श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी बहनों ने बताया कि यूं तो हमारा समाज लोहड़ी पर्व बेटे होने की खुशी में मनाता है, परन्तु इसी खुशी से यदि कोई पीछे रह जाता है तो वह बेटियां। लोग बेटियों को बोझ समझते हैं और उनके प्रति इतनी खुशी दिखा नहीं पाते, परन्तु महाराज जी ने ऐसी सोच को बदला है । यदि बेटे के जन्म पर यह पर्व मनाया जाता है तो बेटियों को भी यह अधिकार है कि उनके जन्म पर भी लोहड़ी जैसे पवित्र पर्व मनाये जाएं, क्योंकि वर्तमान समय बेटियां भी बेटों की तरह आगे जा रही हैं, वह भी समाज में अपना नाम रौशन कर रही हैं।

 परन्तु हमारे देश में बहुत सारे क्षेत्र आज भी ऐसे हैं जहां पर बेटियों को जन्म से पूर्व मरवा दिया जाता है। हमारे देश ने इतनी उन्नति करने के बाद भी आज महिलाओं के खिलाफ अन्याय बढ़ता जा रहा है जिसमें कन्या भ्रूण हत्या  सबसे अधिक संकटमय है। आगे साध्वी जी ने कहा ‘‘तू है शक्ति’’ कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 

और क्योंकि हमें आध्यात्मिक जागृति द्वारा अपनी सोई हुई शक्ति को जागृत करना पड़ेगा, अपनी सोच को बदलना पड़ेगा, तभी समाज में इस दयनीय अवस्था से उभर सकेंगे। इस अवसर पर साध्वी सोमप्रभा भारती ने नारी महिमा से ओतप्रोत भजनों का गया। नन्ही नन्ही बालिकाओं ने नृत्य के माध्यम से बेटियों की लोहड़ी का संदेश दिया।