मानस सेवा समिति द्वारा भजन, प्रवचन इत्यादि विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

आजमगढ़। अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर के गुरुघाट स्थित श्रीरामजानकी मंदिर में मानस सेवा समिति द्वारा भजन, प्रवचन इत्यादि विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रारंभ में आयोजन समिति के अध्यक्ष पंडित सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन एवं महंत संजय पांडेय ने वैदिक रीति से देवी देवताओं का पूजन किया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक सुरेश शुक्ला के हाथो असहायों को कंबल भी दिया गया। उन्होंने अपने संबोधन में रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक बताते हुए राष्ट्र की एकात्मकता की कामना की।

प्रसिद्ध साहित्यकार प्रो. प्रभुनाथ सिंह मयंक ने कहा कि अखिल ब्रह्मांड के नायक  श्रीराम के दिव्यादर्श भूमंडल के समस्त जीवों के मुक्ति शांति,  आनंद,  समरसता के मूल आधार हैं। उनके आदर्शों का जीवन में अनुसरण करके पारिवारिक, सामाजिक संबंध और आध्यात्मिक साधना के समस्त लक्षण सिद्ध होते रहेंगे।

अध्यक्षता करते हुये सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन ने कहा कि मर्यादापुरुषोत्तम श्रीराम धार्मिक मूल्यों के संस्थापक है, वे लोगों के अंतस्तल में विराजमान है। अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर नवनिर्मित मन्दिर से संपूर्ण जनमानस में हर्ष व्याप्त है।    

कार्यक्रम में कथावाचक अंकित महाराज ने अपने संगीतमय प्रवचन में श्रीराम महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया।

मौके पर साहित्यकार संजय कुमार पांडेय सरस, डॉ. दीपक पांडे, रवि प्रताप सिंह,  रणविजय सिंह, शिवम जी, एच.एन पाठक, टीपी मिश्रा, मनोज पांडे, गोविंद दुबे, सुनील बरनवाल, आलोक, उत्कर्ष,  गौरव, विपिन, नीलाम्बुज, अच्छेलाल साहू सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।