कोलकाता से अयोध्या के लिए चले जलयान को गुजारने हेतु खोला गया खरीद -दरौली घाटों के मध्य बने पैंटून ब्रिज के पीपों को

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

 -नदी पार करने में यू पी बिहार के नागरिकों की कठिनाई बढ़ी 

ब्यूरो , सिकन्दरपुर (बलिया) : खरीद एवं दरौली घाटों के मध्य सरयु नदी पर निर्मित पीपा पुल के पीपो को जिलाधिकारी के आदेश पर एक हिस्से को खोल दिया गया है। जिससे दोनों प्रान्तों के नागरिकों का पुल के माध्यम से एक दूसरे प्रदेश में आवागमन ठप पड़ गया है। नागरिकों के नदी पार करने हेतु घाट पर नावों का संचालन प्रशासन के आदेश पर शुरू हो गया है। 

यह स्थिति अगले 24 जनवरी तक रहेगी। जानकारी के अनुसार केन्द्र सरकार द्वारा कोलकाता से अयोध्या के मध्य राष्ट्रीय जल मार्ग संख्या 40 घोषित किया गया है। जल परिवहन के साथ ही व्यवसाय को गति देना इस का उद्देश्य है। जिस के निमित्त अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मार्ग पर संचालन हेतु जलयान का 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटन भी किया जाना है।

 उद्घाटन के निमित्त कोलकाता से अयोध्या के लिए चले एक कैटामारन इलेक्ट्रिक जलयान के गुजरने हेतु ही पैंटून ब्रिज के दरौली घाट के दक्षिणी नाके की तरफ के दो जुट पीपे खोले गए हैं जिससे कि जलयान के गुजरने में कोई बाधा उत्पन्न न हो सके।सूत्रों के अनुसार उद्घाटनोपरांत जलयान पुनः कोलकाता के लिए प्रस्थान कर जाएगा और खरीद घाट से गुजर जाने के बाद 24 जनवरी को खोले गए पीपों को पुनःजोड़ कर पुल पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।