लोकसभा चुनावः हर दल की पसंद कुर्मी वोट

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सपा की सूची में चार नाम,बीजेपी भी दे रही तवज्जो,नीतीश और अनुप्रिया का पकड़े हैं साथ

यादव के बाद ओबीसी में दूसरे नम्बर पर हैं कुर्मी वोटर

लखनऊ। 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछड़ों में यादवों के बाद सबसे बड़ी आबादी वाले कुर्मी समाज को अपने पाले में लाने और बनाए रखने की लामबंदी शुरू है। भाजपा ने यूपी में अपना दल से गठबंधन के बावजूद पड़ोसी राज्य बिहार में नीतीश कुमार से भी गठबंधन कर लिया। सपा ने पहल करते हुए 16 प्रत्याशी उतारे, जिनमें सबसे ज्यादा चार कुर्मी शामिल हैं।उत्तर प्रदेश में पिछड़ी जातियों में यादव समाज के बाद सर्वाधिक आबादी कुर्मी समाज की है। 

कहते हैं कि पिछड़ी जातियों में कुर्मी करीब आठ फीसदी हैं। प्रदेश में लोकसभा की करीब तीन दर्जन सीटों को कुर्मी मतदाता असरदार हैं। 25 से अधिक ऐसी सीटें हैं जहां से कई बार कुर्मी सांसद हुए हैं। मौजूदा समय में 41 कुर्मी विधायक हैं। इनमें 27 भाजपा के, 13 सपा और एक कांग्रेस के हैं। पांच विधान परिषद सदस्य कुर्मी हैं। 80 में आठ सांसद कुर्मी हैं। योगी सरकार में तीन कैबिनेट और एक राज्यमंत्री कुर्मी हैं।सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की अपनी पहली सूची जारी की है।

 इसमें डिंपल यादव समेत तीन प्रत्याशी परिवार के हैं, जबकि चार कुर्मी और एक मुस्लिम प्रत्याशी हैं। सांसद डिंपल यादव को फिर से मैनपुरी और शफीकुर्रहमान बर्क को संभल से प्रत्याशी बनाया गया है। फैजाबाद अनारक्षित सीट हैं, पर यहां से पूर्व मंत्री व नौ बार के विधायक अनुसूचित जाति के अवधेश प्रसाद को उतारा गया है। क्षत्रिय एक और मौर्य व खत्री दो-दो प्रत्याशी हैं।पूर्व सांसद अक्षय यादव को फिरोजाबाद और धर्मेंद्र यादव को बदायूं से टिकट दिया गया है। 

अक्षय यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र हैं, जबकि धर्मेंद्र यादव उनके चचेरे भाई हैं। खीरी से पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा और धौरहरा से पूर्व एमएलसी आनंद भदौरिया प्रत्याशी होंगे। उन्नाव से पूर्व सांसद अनु टंडन और लखनऊ से मध्य क्षेत्र के विधायक व पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा उम्मीदवार बनाए गए हैं।

 डॉ. नवल किशोर शाक्य को फर्रुखाबाद, अकबरपुर से पूर्व सांसद राजाराम पाल, बांदा से शिवशंकर पटेल और बस्ती से पूर्व सांसद राम प्रसाद चैधरी को मैदान में उतारा गया है। गोरखपुर से अभिनेत्री काजल निषाद मैदान में है। अम्बेडकरनगर से पूर्व मंत्री व कटेहरी के विधायक लालजी वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। सपा के 16 प्रत्याशियों में 11 ओबीसी और 3 सामान्य जाति से हैं।