Karwa Chauth 2023: करवा चौथ की पूजा में करवा में जरूर रखें ये चीजें

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

Karwa Chauth Vrat 2023: हर साल कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत किया जाता है। इस साल करवा चौथ का व्रत 01 नवंबर, बुधवार के दिन रखा जाएगा। इस दिन पूजा के दौरान करवे का विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं करवा चौथ पर करवे से जुड़े नियम साथ ही यह भी जानते हैं कि पूजा के बाद इस करवे का क्या करना चाहिए।

करवे में रखें ये चीजें

करवा का अर्थ है मिट्टी से बना कलश। कई लोग अपना मान्यताओं के अनुसार करवा चौथ के दिन करवा में अलग-अलग चीजें भरकर रखते हैं। कुछ लोग करवा में गेहूं भरकर रखते हैं तो वहीं, कुछ लोग इसमें चावल या खील भी भरकर रखते हैं। कई स्थानों पर पर करवा में दूध भरकर भी रखा जाता है साथ ही तांबे या चांदी का सिक्के डाले जाते हैं।

साथ ही साथ करवा के ढक्कन में शक्कर आदि भरा जाता है। करवा चौथ की पूजा के दौरान हाथ में गेहूं या चावल के दाने लेकर करवा चौथ की कथा सुनी जाती है। इसके बाद करवा पर हाथ घुमाकर महिलाएं अपनी सास को करवा देती हैं और उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करती हैं।

पूजा के बाद करवे का क्या करें

मान्यताओं के अनुसार इस करवा में करवा माता का वास माना गया है। इसलिए इसे नहीं फेंकना चाहिए, बल्कि पूजा के बाद इसे साफ करके अगले करवा चौथ पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि आप ऐसा नहीं करना चाहते तो इसे किसी पेड़ के नीचे रख दें या फिर बहते पानी में प्रवाहित भी कर सकते हैं। अगर आप चाहें तो आप करवे पर कलावा बांध कर किसी साफ सुंदर जगह पर रख सकते हैं।