कासगंज में महिला ने 6 मिनट में दिया तीन बच्चों को जन्म, इलाके में चर्चा का विषय बनी खबर

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

कासगंज : यूपी के कासगंज में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। मां और तीनों बच्चे स्वस्थ्य हैं। महिला ने 6 मिनट में तीन बच्चों को जन्म दिया है। बताया जा रहा है कि महिला के पहले से तीन बच्चे हैं, अब महिला 6 बच्चों की मां बन गई हैं। एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जिले के गांव ताली के रहने वाले अशोक कुमार की पत्नी मीरा देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद सोमवार की रात को स्थानीय महिला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां महिला ने छह मिनट में 3 बच्चों को जन्म दिया। ये तीनों बेटे हैं। 

इनमें पहले बेटे का जन्म सुबह 8.30 बजे हुआ, इसके बाद दूसरे बच्चे का जन्म 8.32 बजे और तीसरे बच्चे का जन्म तीन मिनट बाद 8.35 बजे हुआ। तीन बच्चों को जन्म देने वाली मां की उम्र 32 साल है। बता दें कि महिला का पति अशोक कुमार मेहनत मजदूरी करके घर को चलाता है। सोमवार शाम को जब मीरा देवी को प्रसव पीड़ा हुई तो गांव की दाई उसे महिला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची थी, जहां डॉक्टरों की देखरेख में महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया।

इस बारे में अस्पताल के डॉक्टर मशकूर आलम ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मां और तीनों बच्चे एकदम स्वस्थ हैं। महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अब आसपास तीन बच्चों की जन्म की खूब चर्चाएं हो रही हैं।