World Cup: 2011 के बाद से ICC टूर्नामेंट में भारत का रिकॉर्ड जीतने के मामले में अच्छा नहीं रहा, चार फाइनल में मिली हार

भारत पांच अक्टूबर से वनडे विश्व कप की मेजबानी के लिए तैयार है। 12 साल के बाद इस टूर्नामेंट का आयोजन यहां हो रहा है और 12 साल पहले ही टीम इंडिया पिछली बार इस टूर्नामेंट में चैंपियन बनी थी। उसकी नजर तीसरी बार चैंपियन बनने पर है। हालांकि, 2011 के बाद से आईसीसी टूर्नामेंट में भारत का रिकॉर्ड जीतने के मामले में अच्छा नहीं रहा है। टीम इंडिया 11 टूर्नामेंट में सिर्फ एक जीती है। उसे पिछली बार 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में सफलता मिली थी।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2011 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने 2012 टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन किया था। तब टीम सुपर-8 में बाहर हो गई थी। हालांकि, धोनी ने 2013 में टीम की वापसी कराई और इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। वह टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान बन गए। उसके बाद से टीम को हर बार आईसीसी टूर्नामेंट में निराशा हाथ लगी।

भारतीय टीम इस साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी हार गई थी। उसे इंग्लैंड के ओवल में ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से हराया था। इस हार के बाद टीम इंडिया का 10 के बाद आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना भी टूट गया था। भारतीय टीम पिछले नौ आईसीसी इवेंट में नाकाम रही है। इस दौरान उसने चार बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। चार बार सेमीफाइनल में भी शिकस्त मिली है। अब देखना है कि इस बार टीम कैसा प्रदर्शन करती है। उसे घरेलू मैदान और दर्शकों का लाभ मिलेगा।

2012 से आईसीसी टूर्नामेंट भारत का प्रदर्शन

टूर्नामेंट                                              नतीजा

टी20 विश्वकप 2012                            सुपर-8 में बाहर

चैंपियंस ट्रॉफी 2013                               विजेता

टी20 विश्व कप 2014                         फाइनल में हारे

वनडे विश्व कप 2015                      सेमीफाइनल में हारे

टी20 विश्व कप 2016                       सेमीफाइनल में हारे

चैंपियंस ट्रॉफी 2017                              फाइनल में हारे

वनडे विश्व कप 2019                       सेमीफाइनल में हारे

आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2019-21 फाइनल में हारे

टी20 विश्व कप 2021                        सुपर-12 में बाहर

टी20 विश्व कप 2022                        सेमीफाइनल में हारे

आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 फाइनल में हारे

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम तीसरी बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में खेलेगी। अब तक उन्हें ट्रॉफी उठाने का मौका नहीं मिला है। आईपीएल में कप्तान के तौर पर पांच खिताब जीत चुके रोहित भारत के लिए ट्रॉफी जीतने को बेताब है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया पिछले साल टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में हारी थी। उसके बाद इस साल टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार मिली। वह पहली बार वनडे विश्व कप में टीम की कप्तानी करेंगे।