कब्ज से हैं परेशान तो करें इन योगासनों का अभ्यास, दूर होगी समस्या

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

पेट संबंधी समस्याएं कई रोगों का कारण बन सकती हैं। जीवनशैली और आहार में गड़बड़ी के कारण कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं, इसमें पेट की परेशानी जैसे कब्ज होना आम है। कब्ज पाचन क्रिया को प्रभावित करता है, जिसका असर पूरे शरीर पर होता है। कब्ज से बचने के लिए लोग दवाइयां और घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। हालांकि अनियमित मल त्याग की समस्या समय समय पर परेशान करती है, इससे बचने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ नियमित योग के अभ्यास की सलाह देते हैं। योग कब्ज सहित पेट की अन्य परेशानियों से राहत दिला सकता है। योग सिर्फ मानसिक शांति ही नहीं, कई तरह की शारीरिक समस्याओं को ठीक करने में महत्वपूर्ण है। अगर आपको अक्सर कब्ज की दिक्कत रहती है, जो जीवनशैली में कुछ योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं।

प्राणायाम का अभ्यास करें

अनियमित मल त्याग व कब्ज की समस्या से अक्सर परेशान रहते हैं तो प्राणायाम का रोजाना अभ्यास कर सकते हैं। प्राणायाम मस्तिष्क के लिए किया जाने वाला योग है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ के मुताबिक, पेट की मांसपेशियों को भी स्वस्थ रखने में प्राणायाम सहायक होता है। प्राणायाम करने से पाचन तंत्र बेहतर होता है और पेट के अन्य विकार, अनिद्रा, एसिडिटी जैसी बीमारियां दूर होती हैं।

भुजंगासन का अभ्यास

पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए भुजंगासन का अभ्यास प्रभावी और फायदेमंद होता है। इस योगाभ्यास से पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और पूरा पाचन तंत्र साफ होता है। कब्ज और अपच की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नियमित रूप से भुजंगासन का अभ्यास करना चाहिए।

हलासन का नियमित अभ्यास

पीठ की मांसपेशियों को मजबूती देने और तनाव कम करने के लिए हलासन का अभ्यास फायदेमंद है। हलासन पेट को भी स्वस्थ रखता है और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में सहायक है। जिन लोगों को अक्सर पाचन संबंधित दिक्कतें बनी रहती हैं, उन्हें रोजाना हलासन का अभ्यास करना चाहिए।