Shardiya Navratri 2022: नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले करें यह काम मां दुर्गा होंगी प्रसन्न

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

Shardiya Navratri 2022: हिंद धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व है। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा अपने भक्तों को सुख-समृद्धि व खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल आश्विन मास में शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शारदीय नवरात्रि प्रारंभ होते हैं।

 इस साल नवरात्रि का पावन पर्व 26 सितंबर से शुरू हो रहा है। नवरात्रि के दौरान भक्त मां आदिशक्ति को प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ करने के अलावा व्रत भी रखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले भी कुछ कामों को करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं। आप भी जान लें-

घर की करें साफ-सफाई 

वास्तु के अनुसार, नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले घर की साफ-सफाई कर लेनी चाहिए। नवरात्रि में साफ- सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां दुर्गा का वास उन्हीं घरों में होता है, जहां साफ-सफाई होती है।

घटस्थापना वाले स्थान को करें साफ-सुथरा-

नवरात्रि के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना या कलश स्थापना की जाती है। मान्यता है कि घटस्थापना वाले स्थान को अच्छे से साफ करना चाहिए। इसके बाद गंगाजल से उस स्थान को शुद्ध करना चाहिए।

मुख्य द्वार पर बनाएं स्वास्तिक

हिंदू धर्म में स्वास्तिक का बहुत अधिक महत्व होता है। यह निशान मंगलकारी और शुभ संकेत दर्शाता है। नवरात्रि से पूर्व ही घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक का निशान बना लेना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखती हैं।