सामुदायिक पौधरोपण संकल्प अभियान के द्वारा पर्यावरण बचाएं: गोपाल भाई

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दृष्टि से अमचूर नेरूआ मे मनाया गया पेड लगाओ, जीवन बचाओ सामुदायिक संकल्प अभियान

चित्रकूट : जनपद के मानिकपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमचुर नेरूआ के नई बस्ती मजरा में पर्यावरण एवं संवर्धन की दृष्टि से संकल्प अभियान सामुदायिक वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न किया गया , जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में दलित महिला उत्थान समिति की संरक्षक बहन उर्मिला एवं संस्थान के संस्थापक गोपाल भाई ने जन समुदाय को पर्यावरण संरक्षण को मौलिक कर्तव्य के रूप मानते हुए इस संकल्प यज्ञ में पौधरोपण कर उसकी पुत्रवत अनवरत  चिंता करते रहने के लिए प्रेरित किया ।आदिवासी समुदाय से नई बस्ती के गोपाल कोल ने अपनी मेहनत और  लगन के प्रतीक स्वरूप बादाम के पौधों को संरक्षित करके एक अनूठी मिसाल पेश की है। 

नई बस्ती के श्री राम बहोरी कोल ने एक एकड़ में सैकड़ों फलदार पौधों का रोपण कर समुदाय के लिए एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्थान की गतिविधियों का संक्षिप्त परिचय देते हुए कार्यकर्ता विजय सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण की अनोखी तकनीक मियावाकी पद्धति है, जिसे पाठा क्षेत्र में तपोवन के नाम से संबोधित किया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी से लोगों ने अपने प्राण गवाएं हैं ,ऑक्सीजन की बहुतायत आपूर्ति तपोवन मे ही निहित है , हम अपने आस-पडोस मे अधिकाधिक वृक्ष लगाकर इसे पूरा कर सकते हैं |

क्योकि आज की अंधी विकासात्मक दौड़ के चलते हम लगातार वनों को काट रहे हैं, उसी सापेक्ष में हमें पेड़ भी लगाने होंगे। इस पर्यावरणीय संकल्प गोष्ठी में सामाजिक कार्यकर्ता शिव वरदानी, मलखान, मनोज श्रीवास्तव ,अजीत , प्रदीप, रामविलास, संजय आदि ने अपने-अपने वक्तव्य के माध्यम से पर्यावरण के प्रति लोगों को ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। इसी कड़ी में  ग्राम अमचुर निरूआ के प्रधान प्रतिनिधि मनोज द्विवेदी ने भी जनता से अधिक से अधिक पेड़ लगाने एवं उनका संरक्षण करने की अपील की, गोष्ठी में संगीत मय वातावरण का सृजन कर पर्यावरण के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में सृजन संस्था के आशीष ने भी अपने पर्यावरण प्रेरक वक्तव्य के माध्यम से लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने पर जोर दिया। मारकुंडी रेंज के दरोगा शिव गणेश ने पर्यावरण संरक्षण के सापेक्ष में सामुदायिक पौधारोपण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे और अधिक जन जन  के व्यवहार में लाने के लिए ग्राम वासियों से अपील की | कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्था के विश्वदीप ने आए हुए सभी अतिथियों एवं ग्राम वासियों का आभार प्रकट किया| एवं ग्राम वासियों से पुनः ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने एवं उनका संरक्षण करने पर जोर दिया । पौधारोपण कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया।