रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें अविलम्ब वापिस हो: कांग्रेस
सहारनपुर। रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेसियों ने आज जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति को सम्बोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। सरकार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस में दामों में बेहताशा वृद्धि कर रही है। महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गयी है। गरीब, मजदूरों के हाथों से रोटी का निवाला छिनने की सरकार की मंशा है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकारों ने जिस प्रकार से देश की गरीब जनता की कमर महंगाई में और अधिक तड़का लगाकर किया है, उससे देश की जनता में भारी रोष है। देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से ऐसी उम्मीद नहीं की। जनता का वोट लेकर जिस प्रकार से महंगाई की मार जनता पर थोपी गयी है, कांग्रेस अब किसी भी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि देश की जनता को मोदी सरकार ने धोखा दिया है, ठगा है और निराश किया है। जनता के वोट हासिल करने के लिए पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेण्डर, पाइप्ड नेचुरल गैस और सीएनजी की कीमतों को 137 दिनों तक अपरिवर्तित रखने के बाद, पिछला एक सप्ताह हर घर के बजट के लिए एक बुरा सपना रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हर दिन वृद्धि और गैस सिलेण्डर, पीएनजी और सीएनजी की कीमतों में भारी वृद्धि ने मोदी सरकार के लिए कहावत साबित कर दी है कि लोगों को लूटों, खजाना भरो।
उन्होंने बढ़ती महंगाई पर अपने स्तर से लगाम लगाने की मांग की ताकि देश की गरीब जनता को महंगाई की मार से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि अविलम्ब महंगाई पर अंकुश न लगाया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करने से भी बाज नहीं आयेगी। प्रदर्शनकारियो में मुख्य रूप से अशोक सैनी, स.चरणजीत सिंह निक्कू, प्रवीन चौधरी, गणेश दत्त शर्मा, जब्बार अहमद, नितिन शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेसी शामिल रहे।