आजमगढ़ : अहरौला ब्लाक के बस्ती भुजबल बाजार में रविवार को डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। कहा कि महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। किराया बढ़ने से सफर भी महंगा हो गया है। डीजल-पेट्रोल का दाम बढ़ने का असर सभी सामानों की कीमतों पर दिखने लगा है।
ग्रामीणों ने कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को पुन: सत्तासीन किया है, लेकिन सरकार उम्मीदों पर पानी फेर रही है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार महंगाई से परेशान हो गया है। अगर महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो 2024 के लोकसभा के चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। रसोई गैस हर परिवारों के लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। उसकी कीमत बढ़ने से भोजन बनाना मुश्किल हो गया है। इस मौके पर समाजसेवी लक्ष्मी चौबे, पूर्व प्रधान राम शब्द निषाद, प्रमोद मोदनवाल, अशोक यादव, ओंकार निषाद, भंवरनाथ, सूर्यनाथ, जय हिद यादव, सुनील चौबे, अखिलेश शर्मा, श्यामू, पथरू, दयाराम, शांति, उर्मिला, संगीता, श्याम दुलारी मौजूद रहीं।