लोकतंत्र की मजबूती के लिए जन अधिकारों का सुनिश्चित होना जरूरी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

शिव चन्द राम

मऊ जनपद के सदर तहसील अंर्तगत ग्राम सभा बुढ़ावे (कौतुकपुर) में सेवानिवृत्त पी.ई.एस. एवं संरक्षक सम्यक समाज सेवा संस्थान शिव चन्द राम के पूज्य पिता परिनीबुत्त पांचू राम की द्वितीय व माता जगदेई देवी की प्रथम परिनिर्वाण दिवस पर कंबल वितरण एवं 'भारतीय संविधान के परिप्रेक्ष्य में जन अधिकारों का सवाल: चुनौतियां एवं समाधान' विषयक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत भदन्त प्रज्ञाशील द्वारा त्रिशरण व पंचशील के साथ माता-पिता संघ महापुरुषों पर माल्यार्पण द्वारा किया गया। तदोपरांत गांव एवं आस-पास के पात्र व्यक्तियों को शिव चन्द राम के सौजन्य से प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी कम्बल वितरण कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व निर्धारित विषयगत सम्बोधन में मुख्य आयोजक शिव चन्द राम ने कहा कि हम बुद्ध तथा बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर के सिद्धांतों पर चलने की कोशिश कर रहे हैं और यह आयोजन उसी का एक छोटा सा अंश मात्र है। 

हर किसी की गरीबी को दूर करना हमारे वश में नही है किन्तु बेहतर राष्ट्र निर्माण के लिए "पे बैक दू सोसाइटी" करना हमारे वश में है। इसी से हम सच्चे अर्थों में लोकतांत्रिक समाज का निर्माण कर सकते हैं। आज लोकतंत्र की मजबूती के लिए जन अधिकारों का सुनिश्चित होना जरुरी है। और यह तभी सम्भव है जब समान एवं बेहतर शिक्षा तथा भारत के संविधान की मूल भावना के अनुसार सक्षम द्वारा पहल किया जाय। यदि हमें समाज को आगे बढ़ाना है तो हमें सबसे ज्यादा शिक्षा पर जोर देना होगा।

 इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प हमारे पास नहीं है। सभा को संबोधित करते हुए इतिहासकार, शिक्षक एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ.रामविलास भारती ने कहा कि यह कार्यक्रम बाबा साहेब डॉ.आम्बेडकर के सिद्धान्त "पे बैक टू सोसायटी" का एक उदाहरण है। हम सबका यह कर्तव्य है कि हम आम आदमी को उनके अधिकारों के बारे में सचेत करें और उसे पाने के लिए प्रेरित करें। बेहतर भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान जैसी मानवीय आधार सुलभता पूर्वक मिल सके।

       एडवोकेट प्रेमचंद कौशल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हमें यदि सम्मानित जीवन जीना है तो उसके लिए जरूरी है कि अपने अधिकारों को समझें और उसके लिए संघर्ष करें। हमारे संविधान में हमारे लिए एक बेहतर जीवन की कल्पना की गई है, इसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है।एडवोकेट वीरेन्द्र प्रताप यादव ने कहा कि हमारा संविधान व्यक्ति की गरिमा प्रदान करने के लिए ही बनाया गया है। आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य यदि देना है तो हम सभी को एकजुट होना पड़ेगा। 

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता  एवं पूर्व उप महाप्रबंधकआर.के. यादव ने भी आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की अपील की और कहा कि यही एकमात्र रास्ता है कि हम ईमानदारी पूर्वक संघर्ष करें। डॉ. तेजभान ने कहा कि हमारी बुनियादी जरूरतें ही हमारे अधिकार हैं। हमारे लिए बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा और रोजगार के साथ साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का जो सपना हमारे महापुरुषों ने देखा था। उस सपने को पूरा करना ही हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है। 

       इस अवसर पर रामभवन प्रसाद, बाबूराम, सुभाष चन्द राम, एडवोकेट विजय चन्द, बृकेश यादव, आर.पी.राम, आकांक्षा गुप्ता आदि ने भी सम्बोधित किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से फूलचन्द राम, सम्यक समाज सेवा संस्थान के प्रबन्धक ललिता देवी, अध्यक्ष विश्वदीपक भारती, अनिल कुमार यादव,  मरछू प्रजापति, सत्यम राव, कल्पनाथ, संदीप, आकाश, सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी तथा शिक्षकों के अलावा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभा का संचालन बहुमुखी प्रतिभा के धनी रामसेवक राम ने किया।