दुनिया की सबसे खतरनाक घूमने वाली जगह है अंटार्कटिका, जाने इसके बारे में रोचक बातें

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

अंटार्कटिका का नाम तो आपने बहुत सुना होगा। दरअसल, इस महाद्वीप के बारे में जानने की इच्छा हर किसी के मन में होती है और कुछ लोग तो यहां घूमने के बारे में भी सोचते हैं। हालांकि यहां घूमने जाना इतना आसान नहीं है, क्योंकि धरती पर मौजूद सभी सात महाद्वीपों में अंटार्कटिका सबसे ठंडा महाद्वीप है और वो इसलिए कि यहां का 98 फीसदी हिस्सा बर्फ से ढंका हुआ है। कहते हैं कि लगभग दो किलोमीटर की मोटी परत के रूप में बर्फ अंटार्कटिका की धरती पर फैली हुई है। दक्षिणी ध्रुव पर स्थित इस महाद्वीप पर तेज हवाएं चलती हैं, यहां का तापमान हमेशा चार डिग्री से नीचे ही रहता है, जिससे यहां लोगों का रहना या घूमना-फिरना मुश्किल हो जाता है। आपको शायद पता न हो कि अंटार्कटिका को दुनिया का आखिरी छोर भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इस महाद्वीप के बारे में कुछ रोचक तथ्य और यहां घूमने और देखने लायक पर्यटन स्थलों के बारे में... 

अंटार्कटिका महाद्वीप धरती पर एकमात्र ऐसी जगह है, जहां छह महीने तक दिन और छह महीने तक रात रहती है। दरअसल, यहां सिर्फ दो मौसम होते हैं, एक सर्दियों का मौसम और दूसरा गर्मी का मौसम। गर्मियों में यहां लगातार छह महीने तक उजाला ही उजाला रहता है और सर्दियों में छह महीने तक अंधेरा रहता है। 

अंटार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी का नाम विंसन पर्वत माला है जिसे विंसन मैसिफ भी कहा जाता है। यह करीब 4,892 मीटर ऊंची चोटी है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा इस पर्वत की चोटी पर भारतीय ध्वज भी फहरा चुकी हैं। यह आकर्षक चोटी पर्वतारोहियों को खूब लुभाती है। 

अंटार्कटिका महाद्वीप के उत्तरी भाग में स्थित अंटार्कटिका प्रायद्वीप देखने लायक सबसे अच्छी जगहों में से एक है। इस जगह को 'बर्फ के जंगलों का घर' भी कहा जाता है। यहां की पर्वत चोटियां और विशाल ग्लेशियर मन को मोह लेते हैं। आपको यहां बड़ी संख्या में पेंगुइन देखने को मिल सकते हैं। 

अंटार्कटिका में देखने लायक खूबसूरत जगहों में दक्षिण शेटलैंड द्वीप भी शामिल है। पूरी तरह से बर्फ से ढंका हुआ यह द्वीप अंटार्कटिक प्रायद्वीप से 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित है, जहां मौजूद अनुसंधान केंद्रों में शोध करने के लिए अलग-अलग देशों से शोधकर्ता आते हैं। 

अंटार्कटिका में और भी कई देखने लायक जगहें हैं, जिनमें ड्रेक पैसेज, फॉकलैंड आइलैंड, दक्षिण जॉर्जिया (आल्प्स इन द मिड ओशन) शामिल हैं। यहां की यात्रा करना एक साहसिक कार्य है, जो हर किसी के लिए संभव नहीं है। घूमने के लिहाज से यहां बहुत कम ही संख्या में लोग आते हैं। गर्मी का मौसम अंटार्कटिका महाद्वीप की यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय माना जाता है।