बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के मान-हानि नोटिस का जवाब अपनी लीगल फर्म के जरिए दिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। शिल्पा और राज कुंद्रा ने कुछ दिन पहले शर्लिन पर बिना सबूत बयानबाजी करके बदनाम करने का आरोप लगाते हुए 50 करोड़ की मान-हानि का नोटिस भेजा था। अब इस मामले में शर्लिन चोपड़ा ने नोटिस का जवाब दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपने जवाब का पहला और आखिरी पन्ना साझा किया है। शर्लिन ने नोटिस की कॉपी के साथ ट्वीट किया कि, ‘रिपु सूदन उर्फ राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के मानहानि नोटिस के जवाब में मेरी लीगल टीम ने 23 अक्टूबर 2021 को जवाब भेजा है। यहां मेरे जवाबी नोटिस का पहला और आखिरी पन्ना है।
इसके साथ शर्लिन ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स किए और सिलसिलेवार तरीके से वाक्या साझा किया है। अपने एक ट्वीट में उन्होंने एक नोट साझा किया जिस पर लिखा है, ‘हिम्मत का मतलब यह नहीं है कि आप डरेंगे ही नहीं, बल्कि हिम्मत का मतलब यह है कि कोई डर आपको रोक नहीं सकता।
बता दें, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने शर्लिन के खिलाफ 50 करोड़ की मान-हानि के केस दर्ज करवाया है। शिल्पा और राज की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था- शर्लिन चोपड़ा की ओर से राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप मनगढ़ंत, झूठे, नकली, तुच्छ, निराधार, बिना किसी सबूत के हैं। यहां तक कि शर्लिन चोपड़ा की जानकारी में होने के बावजूद उन्हें बदनाम करने और जबरन वसूली के लिए बनाए गए हैं।
बयान में आगे बताया गया है, शर्लिन चोपड़ा ने भारतीय दंड संहिता, 1860 की धारा 499, 550, 389 और 195 (ए) के तहत अपराध किए हैं। हमें भारतीय न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। हमने शर्लिन चोपड़ा के खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का केस दर्द किया है।