श्रीलंका एक द्वीपीय देश है, जो दक्षिण एशिया में हिंद महासागर के उत्तरी भाग में स्थित है। श्रीलंका का पुराना नाम लंका था, जिसका इतिहास रामायण काल से जुड़ा हुआ है। लंका पति रावण का साम्राज्य यही था। भारत से इस देश की दूरी महज 31 किलोमीटर है। यह एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जहां हजारों की संख्या में लोग घूमने के लिए जाते हैं। कई धार्मिक स्थलों से भरे श्रीलंका में इतिहास प्रेमियों के लिए देखने लायक बहुत कुछ है। सिगरिया रॉक इस देश के सबसे खास पर्यटन स्थलों में से एक है, जिसे पांचवी सदी में बनाया गया था। स्थानीय लोग इसे दुनिया का आठवां अजूबा मानते हैं। एतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की वजह से ही हर साल हजारों की संख्या में पर्यटक इसे देखने के लिए आते हैं। यहां के आसपास की प्राकृतिक सुंदरता मन को मोह लेती है। अगर आप भी एतिहासिक स्थलों को देखने में रूचि रखते हैं तो आपको सिगरिया रॉक देखने जरूर जाना चाहिए।
चारों तरफ से जंगल से घिरा सिगरिया रॉक श्रीलंका के बीच में स्थित है। ज्वालामुखी के मैग्मा से बना सिगरिया रॉक चट्टान की ऊंचाई करीब 200 मीटर है। ऊपर से देखने पर यह जगह किसी अजूबे से कम नहीं लगती है। इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल किया गया है।
इस विशाल चट्टान को एक शेर के रूप में डिजाइन किया गया था, जिसके पैर सैकड़ों सालों से सुरक्षित हैं, जबकि शरीर के ऊपरी हिस्से नष्ट हो गए हैं। सिगरिया रॉक चट्टान के शीर्ष पर एक प्राचीन महल का अवशेष है, जो किलेबंदी, सीढ़ीदार बगीचे, तालाब, नहर, गलियों और फव्वारों से घिरा हुआ है। यह देखने लायक है।
सिगरिया घूमने जाने का सबसे अच्छा समय जनवरी से अप्रैल का माना जाता है, क्योंकि इस समय यहां का मौसम बेहद ही सुहावना रहता है। भारत से सिगरिया जाने के लिए आप त्रिवेंद्रम, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई और नई दिल्ली से कोलंबो के लिए सीधी फ्लाइट ले सकते हैं और फिर वहां से सिगरिया पहुंच सकते हैं। हालांकि अभी देश से बाहर कहीं भी घूमने जाने का यह सही समय नहीं है। जब कोरोना खत्म हो जाए, तो आप इस जगह की सैर एक बार जरूर कर आएं।