गौडीय संप्रदाय की बहुमूल्य निधि थे श्रील जीव गोस्वामी महाराज : जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

मथुरा। वृंदावन सेवाकुंज क्षेत्र स्थित प्राचीन ठाकुर श्रीराधा दामोदर मंदिर में विश्व गुरु श्रीजीव गोस्वामी महाराज का 426 वां तिरोभाव महोत्सव मनाया गया। श्रील जीव गोस्वामी महाराज की समाधि स्थल का पूजन-अर्चन किया गया।तत्पश्चात अखंड श्रीहरिनाम संकीर्तन, भक्ति पारायण एवं श्रील जीव गोस्वामी पाद सूचक कीर्तन आदि के कार्यक्रम सम्पन्न हुए। 

संत-विद्वत सम्मेलन में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि ठाकुर श्रीराधा मंदिर के अधिष्ठाता विश्वगुरु श्रील जीव महाराज गौडीय संप्रदाय की बहुमूल्य निधि थे।मंदिर के सेवायत आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी (बड़े गुसाईं) व आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी ने कहा कि हमको इस बात का अत्यंत गर्व है कि श्रील जीव गोस्वामी महाराज हमारे पूर्वज थे।

महोत्सव में भक्तिवेदांत मधुसूदन महाराज, दिनेश चंद्र गोस्वामी, पंच गौड़ा दास महाराज, भक्ति वेदान्त भागवत महाराज, राधे श्यामानंद महाराज, भागवताचार्य गोपाल भैया महाराज, डॉ. राधाकांत शर्मा, बाल शुक पुंडरीक महाराज, चार संप्रदाय आश्रम के महंत ब्रजबिहारी दास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. सत्यानंद दास अधिकारी गुरु, नवीन कृष्ण दास, कविचंद्र प्रभु, ठाकुर मदन मोहन मंदिर के सेवाधिकारी विजय किशोर गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

मंदिर के सेवायत आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी महाराज (बड़े गुसाईं) ने संभी अतिथियों का सम्मान ठाकुरजी का चित्रपट, पटुका प्रसादी माला आदि भेंट करके किया। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह के द्वारा संतों, निर्धनों-निराश्रितों को भोजन कराकर दक्षिणा व कम्बल आदि वितरित किए गए। इस अवसर पर ठाकुर राधा दामोदर लाल के समक्ष 56 भोग निवेदित किए गए।साथ ही उन्हें भव्य फूल बंगले में विराजित किया गया।