युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अपने मजेदार पोस्ट के लिए काफी चर्चित हैं। जाफर ने एक बाद फिर मजेदार पोस्ट किया है। उन्होंने चांद की सतह को देखते हुए अपनी टीम बनाई है। जाफर की इस पोस्ट पर फैंस काफी मजे ले रहे हैं।
भारत के इसरो ने बुधवार के दिन अपने चंद्रयान 3 को सफलतापूर्वक चांद के दक्षिणी ध्रुव में लैंड कराया। इसके साथ ही भारत चांद पर अपना रोवर लैंड कराने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। भारत से पहले अमेरिका, रूस और चीन ऐसा कर चुके हैं। भारत दुनिया का पहला देश है, जिसने चांद के दक्षिणी ध्रुव में अपना रोवर भेजा है। वैज्ञानिकों के अनुसार चांद के दक्षिणी ध्रुव में पानी के विशाल भंडार हो सकते हैं। चांद का यह हिस्सा हमेशा से ही वैज्ञानिकों की रुचि का विषय रहा है।
भारत के इसरो ने इससे पहले 2019 में भी अपना चंद्रयान भेजा था, लेकिन तब भारत को सफलता नहीं मिली थी। अब चार साल बाद भारत ने सफलतापूर्वक चंद्रयान को चांद पर लैंड कराया है। भारत की इस सफलता के बाद हर भारतीय खुश है और सभी ने एक दूसरे को बधाई संदेश प्रेषित किए। इसी बीच वसीम जाफर ने चांद की सतह की फोटो शेयर करते हुए अपनी टीम चुनी।
वसीम जाफर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर चांद की सतह की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा "निश्चित रूप से पहले बल्लेबाजी वाली सतह है। मैं तीन स्पिनरों, एक तेज गेंदबाज और एक ऑल राउंडर के साथ जाऊंगा।" इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जो तस्वीर वे शेयर कर रहे हैं। वह चंद्रयान 3 ने भेजी है। इससे पहले जाफर ने इसरो के वैज्ञानिकों की तस्वीर शेयर करते हुए उनकी तारीफ की थी और कहा कि हमें चांद पर ले जाने वाले लोग जमीन से जुड़े हो सकते हैं। यही हमारी संस्कृति की विशेषता है। चंद्रयान की सफल लैंडिंग पर जाफर ने लिखा था कि भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। हम सब के लिए यह गर्व का विषय है। इसरो के महान वैज्ञानिकों के लिए हर पुरस्कार छोटा है।