कब्र खोदकर शव का काट ले गये सिर, हड़कंप

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

लालगंज, प्रतापगढ़। कब्र मे दफनाए गये मृतक के शव का शरारती तत्वों द्वारा कब्र खोदकर सिर काटकर उठा ले जाने से गुरूवार को हड़कंप  मच गया। लीलापुर थाना क्षेत्र के छेमर सरैंया गांव में जगजीवन गुप्ता के पिता सरजू प्रसाद गुप्ता की करीब आठ महीने पहले स्वाभाविक मौत हो गयी थी। परिजनों ने मृतक का शव अपनी बाग में कब्र में दफन कर दिया था। गुरूवार की सुबह जगजीवन गुप्ता को गांव के कुछ लोगों ने बताया कि उसके पिता के कब्र को खोदकर शव से सिर काट लिया गया है। 

जगजीवन जब वहां पहुंचा तो घटना देख आवाक रह गया। पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। सूचना मिलते ही लीलापुर एसओ विनीत उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ शव को विखण्डित कर उसका अपमान किये जाने का केस दर्ज किया है। 

इधर गांव में लोगों मे यह चर्चा रही कि तंत्र विद्या के चक्कर में शरारती तत्वों द्वारा यह घटना की गयी होगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच मे जुटी बतायी जाती है। वहीं शव से सिर काट लिए जाने की घटना को लेकर इलाके मे हड़कंप का माहौल दिखा। आसपास के गांव के लोग भी इस घटना को देख सुन हैरत में देखे गये।