सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (अम्बावत) के जिलाध्यक्ष परवेज अहमद सलमानी ने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों का शोषण आज चरम सीमा पर हो रहा है। सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है। गन्ने का बकाया भुगतान आज तक किसानों को नहीं मिल पाया है। सलमानी गन्ना मिल मैदान शामली में एक आवश्यक किसान पंचायत को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बरसात न होने के कारण किसानों की फसलें सूख रही हैं, धान की फसल आने वाली है उसका रेट तय नही किया गया है। भाजपा सरकार हिटलरशाही के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को दबाने का कार्य किया जा रहा है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होेंने कहा कि यदि देश का अन्नदाता किसान परेशान व बेहाल रहेगा तो देश कभी भी तरक्की नहीं कर सकता। श्री सलमानी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान तोड़ना चाहती है अगर इस मुल्क का संविधान तोड़ा गया तो ये भारत टूटकर जातियों के कबिलो में बट जायेगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गन्ना का रेट 500 रूपये प्रति कुंतल दिया जाये, वृद्धा,विधवा, विकलांग पेशन 3000 रूपये प्रतिमाह दी जाये। किसान मजदूर को बिजली निःशुल्क दी जाए। पंचायत में कलाम अंसारी, जिला उपाध्यक्ष आसिफ अंसारी, मौ.सलीम पठान जिला सचिव, कासिम सलमानी,चौ.जुबैर गुज्जर, अरसलाम, संजय जाटव, प्रवेश कुमार, श्रीमती रेखा गौतम, चौ.सुखपाल सिंह, इलियास सलमानी आदि मौजूद रहे।