सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रोहित घई के नेतृत्व में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से सर्किट हाउस में मिला और रेलवे से सम्बन्धित समस्याओं का एक ज्ञापन उन्हें प्रेषित किया।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष रोहित घई ने अवगत कराया कि प्रत्येक दिन हजारों की संख्या में व्यापारी व आम नागरिक चण्डीगढ़ व दिल्ली के लिए ट्रेन सफर करते हैं, लेकिन रेलवे द्वारा कोविड-19 के बाद कोई नई ट्रेने न चलाये जाने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। अधिकांश ट्रेनों को वाया टपरी ही निकाल दिया जाता है जिसमें देहरादून-मुम्बई, जनशताब्दी, उज्जैनी एक्सप्रेस जो कि पहले सहारनपुर रेलवे स्टेशन से संचालित होती थी, उन्हें अब टपरी जंक्शन से संचालित किया जाने लगा है।
टपरी से शहर की दूरी 7 किमी. है, जिस कारण यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। इसके अलावा चण्डीगढ़ पीजीआई के लिए भी सहारनपुर से स्पेशल मैमू ट्रेन चलायी जानी चाहिए ताकि मरीजों व अन्य यात्रियों को चण्डीगढ़ आने जाने में कोई परेशानी न हो।
रेल मंत्री ने व्यापारियों की समस्याओं का निदान कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष रोहित घई, महामंत्री संजीव गक्खड़, महानगर अध्यक्ष रवि जुनेजा, महामंत्री अमित गर्ग, आशु निरंकारी, मुकेश गक्खड, सुनील शर्मा शामिल रहे।