भोपाल में जिला पंचायत चुनाव के दौरान जमकर हंगामा , कांग्रेस के चार सदस्य लापता, दिग्विजय सिंह ने रोकी मंत्री भूपेंद्र सिंह की गाड़ी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

भोपाल  : राजधानी भोपाल में जिला पंचायत चुनाव के दौरान जमकर हंगामा हो रहा है। कांग्रेस के चार समर्थित सदस्य लापता हो गए। कांग्रेस और बीजेपी दोनों के ही वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाला हुआ है। मंत्री भूपेंद्र सिंह की दिग्विजय सिंह ने गाड़ी रोक ली। इसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।

भोपाल में 10 सदस्यों में 6 कांग्रेस और 3 बीजेपी समर्थित सदस्य बताए जा रहे है। एक सदस्य निर्दलीय है। कांग्रेस के चार सदस्य गुरुवार से लापता है। इसके बाद से ही कांग्रेस बीजेपी पर सदस्यों को अगवा करने का आरोप लगा रही है। शुक्रवार सुबह जिला पंचायत कार्यालय कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक पीसी शर्मा और आरिफ मसूद पहुंच गए। उन्होंने बीजेपी पर कांग्रेस समर्थित सदस्यों को अगवा करने का आरोप लगाया। 

फिर प्रशासन पर बीजेपी के कार्यकर्ता की तरफ काम करने का। इस बीच बीजेपी की तरफ से मंत्री भूपेंद्र सिंह अपनी गाड़ी से अपने समर्थित प्रतयाशी के साथ पहुंचे। दिग्विजय सिंह, आरिफ मसूद ने उनकी गाड़ी को अंदर जाने से रोक दिया। जिसके बाद गाड़ी से उतरकर दो सदस्यो के साथ विधायक रामेश्वर शर्मा निर्वाचन स्थल पर पहुंच गए। इसका  दिग्विजय सिंह और आरिफ मसूद विरोध किया और खुद भी अंदर जाने का प्रयास किया। जिसको लेकर पुलिस और कांग्रेसियों की झ़ड़प हो गई।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरकारी गाड़ियों से सदस्यों को लेकर आया जा रहा है। प्रशासन बीजपी के कार्यकर्ताओं का काम कर रहा है। दिग्गी ने कहा कि कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को वोट डालन नहीं दिया गया। उनकी जगह भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी वोट कर रहे है। जबकि सारे सदस्य साक्षर है।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार गाड़ी में सदस्यों को लेकर विधायक और मंत्री भूपेंद्र सिंह अंदर घुस रहे है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर चुनाव जीत रही है। हमने उनको गाड़ी के साथ अंदर जाने से रोका। इसके बावजूद विधायक रामेश्वर शर्मा अंदर चले गए। उनको अंदर कैसे जाने दिया गया।

वहीं, बीजेपी सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिहं ने कहा कि कांग्रेस सदस्यों को अंदर नहीं जाने दे रही है। गुंडागर्दी पर उतर आई है। कांग्रेस समर्थित सदस्यों को बीजेपी ने अगवा किया है तो उसके एफआईआर करवानी चाहिए। उन्होंने कितनी जगह एफआईआर कराई। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस का रवैया ठीक नहीं है। यह दलीय आधारा पर चुनाव नहीं होते। इसलिए क्रास वोटिंग की कोई बात ही नहीं है। दिग्विजय सिंह मुझे धमकी दे रहे है। यह नहीं चलेगा।