बालों को सफेद होने से रोकने के लिए करें ये योगासन

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क  

उम्र से पहले बाल सफेद होने की समस्या आम हो गई है। कम उम्र के लड़के लड़कियों के बाल अब जल्द सफेद हो जाते हैं। काले और घने बाल हर किसी को पसंद होते हैं। शरीर की सुंदरता को बढ़ाने का काम भी बाल करते हैं। लेकिन अब प्रदूषण, पोषक तत्वों की कमी, खराब जीवनशैली और तनाव के कारण समय से पहले बाल सफेद होने लगते हैं। हालांकि लोग सफेद बालों की समस्या से छुटकारा पाने के लिए तरह तरह के उपाय तलाशते हैं। कई लोग हीना या डाई करते हैं, तो कुछ केमिकल युक्त शैंपू व तेल का इस्तेमाल करते हैं। 

महंगे हेयर केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी सफेद बालों की समस्या से राहत नहीं दिला पाते। ऐसे में सफेद बाल लोगों के लिए डिप्रेशन का कारण भी बन जाते हैं। अगर आपके भी बाल सफेद हो रहे हैं तो महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने के बजाए योगासन कर सकते हैं। योग बालों की हर तरह समस्या से छुटकारा दिला सकते हैं। चलिए जानते हैं बाल सफेद होने से बचाने के लिए इन योगासनों का करें नियमित अभ्यास।

उष्ट्रासन

बाल अगर सफेद होने लगे हों तो इससे छुटकारा पाने के लिए उष्ट्रासन कर सकते हैं। इस योगासन को करने के लिए घुटनों के बल बैठ जाएं। दोनों घुटनों के बीच कम से कम 6 इंच की दूरी रखें। अब दोनों हाथों को पीछे एड़ी की ओर ले जाएं। फिर दाएं हाथ के टखने को बाएं हाथ के टखने से छुएं। अपनी टांगों को सीधा रखते हुए पेट आगे की ओर निकालें। इस अवस्था में कुछ देर रहने के बाद सामान्य स्थिति में आ जाएं।

हलासन

काले, घने और सेहतमंद बालों के लिए नियमित हलासन का अभ्यास कर सकते हैं। इस आसन को करने के लिए जमीन पर लेट जाएं और पैरों को ऊपर की ओर उठाते हुए धीरे धीरे पीछे ले जाएं। अपने पैरों को पीछे जमीन पर लगाने की कोशिश करें। कुछ देर इसी अवस्था में रहने के बाद साधारण स्थिति में आ जाएं।

त्रिकोणासन

बाल सफेद होने से रोकने के लिए त्रिकोणासन कर सकते हैं। इस आसन को करने के लिए दोनों पैरों को कुछ दूरी पर रखकर खड़े हो जाएं। अब हाथों और कंधों को एक सीध में रखते हुए ऊपर उठाएं। दाहिनी ओर झुकते हुए दाहिने हाथ से उसी ओर के पैर को छुएं। इस दौरान बाएं हाथ को आसमान में रखते हुए छत की ओर उठाएं। यह प्रक्रिया दूसरी ओर से दोहराएं।

भुजंगासन

अगर उम्र से पहले आपके बाल सफेद हो रहे हैं, साथ ही बाल झड़ने की समस्या से परेशान हैं तो भुजंगासन कर सकते हैं। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेट कर पैरों को आपस में मिला लें। हथेलियों को सीने के पास कंधों की सीध में रखें। माथे को जमीन पर रखकर शरीर को सहज करें। अब गहरी सांस लेते हुए शरीर के आगे के हिस्से को ऊपर उठाएं। दोनों हाथों को सीधा करते हुए इसी मुद्रा में कुछ सेकंड रखें। बाद में सांस छोड़ते हुए वापस सामान्य मुद्रा में लौट आएं।