अलविदा की नमाज से पहले धार्मिक स्थल के परिसर में बनी पुजारी की कुटिया में दबंगों ने लगाई आग

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

पीलीभीत। अलविदा की नमाज से पहले जिले में खुराफाती तत्वों द्वारा फिजा बिगाड़ने की कोशिश की गई है। खुराफाती तत्वों द्वारा एक धार्मिक स्थल के परिसर में बनी पुजारी की कुटिया में आग लगा दी गई। आरोप है कि कुटिया के बाहर सो रहे पुजारी को भी जलाने की नियत से उस पर भी मिट्टी तेल डाला गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दरअसल घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरहा गांव की बताई जा रही है। 

जहां बीती रात गांव में स्थित एक धार्मिक स्थल के परिसर में बनी पुजारी की कोठरी में अज्ञात खुराफाती तत्वों द्वारा आग लगा दी गई है। धार्मिक स्थल के पुजारी सदानंद गोस्वामी का आरोप है कि उसको जलाने की नियत से अज्ञात बदमाशों द्वारा उसकी मच्छरदानी पर भी मिट्टी तेल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सुनगढ़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर जा पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि बीते 6 माह से बिहार के रहने वाले सदानंद गोस्वामी बतौर पुजारी धार्मिक स्थल परिसर में रह रहे हैं। 

गांव का ही रहने वाला गेंदनलाल उनकी सेवा करता है। वहीं गांव के ही रहने वाले प्रेमपाल सेवाराम व चमेली देवी मंदिर में अपना दखल करते हैं। जिसके चलते दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। मामले पर जानकारी देते हुए पीलीभीत के अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया है कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर नामजद आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना प्रचलित है।