सूक्ष्म जीव आधारित त्वरित कम्पोस्ट खाद बनाने के बारे में जानकारी दी गई

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क  

आजमगढ़ ।आज दिनांक 29-12-2021 को आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा आजमगढ़ के तत्वावधान में डीबीटी बायोटेक किसान हब परियोजना के अन्तर्गत ग्राम डेढ़वानी, विकास खंड मोहम्मदपुर में सूक्ष्म जीव आधारित त्वरित कम्पोस्ट खाद बनाने के बारे में जानकारी दी गई। केन्द्र पर आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 16 से 31 दिसंबर, 2021 के अन्तर्गत ग्राम वासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परियोजना प्रभारी डॉ रुद्र प्रताप सिंह द्वारा फसल अवशेषों पर सूक्ष्मजीवों का प्रयोग करके कम्पोस्ट खाद तैयार करने की प्रयोगिक जानकारी दी। डाॅ सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि डीबीटी बायोटेक किसान हब परियोजनान्तर्गत सूक्ष्मजीव आधारित अनुकल्पों की सहायता से हम सभी जैविक कचरों को गुणवत्तायुक्त खाद में बदल कर मिट्टी की सेहत में सुधार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि गांव में मशरूम का उत्पादन करके किसान गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करते हुए अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। किसान डॉ रणधीर नायक वरिष्ठ वैज्ञानिक (मृदा विज्ञान) ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप कंपोस्ट व वेस्ट डिकम्पोजर के उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने मिट्टी, जल, वायु को शुद्ध रखने के साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु भी सलाह दिया। जनपद के प्रगतिशील किसान श्री महेंद्र सिंह ने प्राकृतिक खेती के बारे में किसानों को जानकारी देते हुए खेती को प्रकृति एवं पर्यावरण से जोडने हेतु प्रेरित किया। राकेश पाण्डेय ने भी किसानो को समूह बनाकर प्राकृतिक खेती और उससे प्राप्त उत्पादों से उद्यमिता विकास हेतु प्रेरित किया। देशी गोवंश का संरक्षण और संवर्धन पर भी चर्चा की । बायोटेक किसान योजनान्तर्गत लगभग 12 त्वरित कम्पोस्टिंग इकाई की स्थापना भी कराई गई। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान यशपाल सिंह, सुरेन्द्र प्रजापति सहित कुल 31 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया।