आलीशान अपार्टमेंट में भजनखबरी ने एक फ्लैट खरीदा। पूऱे पचास लाख रुपए देकर। जब इतना पैसा दिया है तो फ्लैट का मजा उठाना बनता ही है। सो वह फ्लैट के बीचोंबीच कुर्सी डालकर बैठ गया। पहली बार उसे भाड़े के मकान से खुद के मकान में शिफ्ट होने का सुख मिल रहा था। रजिस्ट्रेशन के कागजात हाथ में लिए बार-बार अपना नाम देख रहा था। लिखा था - यह मकान भजनखबरी पुत्र कीर्तनलाल का है। अस्थाई जगहों पर नेमप्लेट की हालत कूड़े की तरह होता है। कोई भी कभी भी उस पर झाड़ू चला सकता है। इसलिए जीवन में कुछ कमाए या न कमाए, कम से कम कील ठोककर अपना नेमप्लेट लटकाने भर की जगह तो जरूर कमानी चाहिए।
यही सब सोचते हुए भजनखबरी खुश हो रहा था। घर की दीवारों पर अपने परिवार के सदस्यों की फोटो लगाने के लिए उसने दाईं दीवार पर एक कील ठोकी। तभी घर की घंटी बजी। देखा तो पड़ोसी क्रांतिलाल गुस्से से आग बबूला हुए जा रहा था। भजनखबरी ने जब उसके गुस्सा का कारण पूछा, तब उसने बताया, आप दाईं दीवार पर कील मत ठोकिए। हमारा सिर फटा जा रहा है। भजनखबरी ने उससे माफी माँगी। उसे विदा किया। सोचा दाईं न सही बाईं दीवार पर कील ठोक देते हैं। बाईं दीवार पर कील ठोकने लगा। तभी दूसरा पड़ोसी खड़ूसलाल आ धमका। उसने बताया कि वह उनका बायाँ पड़ोसी है। कील ठोकने से बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान पहुँच रहा है। भजनखबरी ने हाथ जोड़कर उसे भी विदा किया। बाद में पता चला की उनकी पीछे की दीवार से झगडूलाल और आगे की दीवार से घमंडूलाल का फ्लैट सटा हुआ है।
भनजखबरी परेशान हो उठा। करे तो क्या करे? वह अपने फर्श और ऊपर घूम रहे पंखे को बड़े ध्यान से देखने लगा। यह देखकर उसे थोड़ी बहुत राहत मिली। लगा कि फर्श और अर्श तो अपने हैं। तभी उसके शरारती बेटे ने खेल-खेल में फर्श पर गेंद दे मारी। गेंद फर्श और अर्श दोनों से टकराते हुए भजनखबरी के सिर पर आ लगी। वह बच्चे को डॉंटने ही वाला था कि तभी नीचे और ऊपर फ्लैट के मालिक डाँटुलाल और क्रोधुलाल दौड़े-दौड़े आए और उसके अगल-बगल में खड़े हो गए। उसे गुस्सैली आँखों से तरेरने लगे। भजनखबरी समझ चुका था कि कोई भी दीवार, यहाँ तक की फर्श और अर्श भी उसके नहीं है। उसे कहाँ पता था कि हवा में रहने के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं। यहाँ तो हवा में रहने के लिए उसने पूरे पचास लाख रुपए चुकाए थे। न जाने इस दुनिया में और कितने भजनखबरी हैं जो हवा में जिंदगी जिए जा रहे हैं।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, चरवाणीः 7386578657