रेस्टोरेंट कर्मियों ने मग से मुंह लगाकर पानी पीने पर परिजनों को पीटा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

प्रतापगढ़। मनगढ़ धाम दर्शन करने आये परिवार की बच्ची ने एक रेस्टोरेंट में मग में मुंह लगाकर पानी पी लिया। जिससे नाराज रेस्टोरेंट कर्मी अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर परिजनों की डंडे से पिटाई कर दी। उसके बाद जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर कुंडा पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। 

वहीं पुलिस ने रेस्टारेंट को बंद करा दिया है। प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के पुरमई सुल्तानपुर गांव निवासी चंदन सिंह की पत्नी महिमा सिंह और उनके रिश्तेदार कल करीब 5 बजे कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ में दर्शन को आए थे। दर्शन के बाद वह लोग मनगढ़ स्थित एक रेस्टोरेंट में नाश्ता करने गए। उनके साथ रही एक बच्ची ने रेस्टोरेंट के मग में मुंह लगाकर पानी पी लिया। इसे लेकर रेस्टोरेंट कर्मी अभद्रता करने लगे। परिजनों ने विरोध किया।

 रेस्टोरेंट कर्मियों ने गालियां देते हुए मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में महिमा सिंह (23) पत्नी चंदन सिंह निवासी पुरमई सुल्तानपुर महेशगंज, रिश्तेदार ऊषा सिंह (25), दुर्गेश सिंह (38) निवासी दुवरकला लालगंज मिर्जापुर घायल हो गए। अन्य परिजनों ने घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। उसके बाद पीड़ित ने कुंडा पुलिस को तहरीर दी। चंदन की तहरीर पर पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है। कुंडा कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि मामूली बात से मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।