हजारों लोग तिरंगा थाम सड़कों पर निकले

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

- नगर निगम ने निकाली तिरंगा रैली

सहारनपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष में हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम द्वारा शनिवार की देर शाम एक तिरंगा रैली निकाली गयी। रैली का शुभारंभ कलक्ट्रेट चौराहे से मेयर संजीव वालिया, मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम, डीएम अखिलेश सिंह, नगरायुक्त गजल भारद्वाज, सीडीओ विजय कुमार ने किया।

तिरंगे ध्वज के साथ भारत माता के जयघोष और ‘वंदे मातरम के नारों के बीच कलक्ट्रेट तिराहे पर स्कूली बच्चों ने शहीदों की स्मृति में नृत्य प्रस्तुति देते हुए शहीदों को नमन किया। कलक्ट्रेट तिराहे से तिरंगायुक्त वाहनों और हाथों में तिरंगा थामे हजारों लोग रैली में शामिल हुए तो पूरे सिविल लाइन क्षेत्र में राष्ट्रीयता की बयार बहने लगी। तिरंगे से सजी टॉय ट्रेन रैली का आकर्षण रही।

 रैली कोर्ट रोड, कचहरी पुल, जीपीओ रोड, अग्रसेन चौराहा होते हुए जनमंच पहुंच कर सम्पन्न हुई। मार्ग में आशा मॉडर्न स्कूल, मेरी डेल एकेडमी, एसडी कान्वेंट, पीच ग्लोब पब्लिक स्कूल, सेंट मेरी एकेडमी, खालसा पब्लिक स्कूल आदि स्कूलों तथा अग्रसेन चौक पर एरॉन सोसायटी के बच्चों ने तिरंगे लहराकर रैली का स्वागत और अभिनंदन किया। समापन पर मेयर संजीव वालिया, मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम, डीएम अखिलेश सिंह व नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी पहचान और राष्ट्र का सम्मान व अभिमान है। तिरंगा हमें राष्ट्रीय एकता और अखण्डता को क्षुण बनाये रखने के लिए प्रेरित करता है। 

एडीएम प्रशासन डॉ.अर्चना द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी, अपर नगरायुक्त राजेश यादव व सतेंद्र तिवारी, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन, अधिशासी अभियंता यातायात अमरेन्द्र गौतम और भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पार्षद पिंकी गुप्ता, ज्योति अग्रवाल, मानसिंह जैन, मनोज जैन, पार्षद प्रतिनिधि ललित कटारिया व दिग्विजय चौहान और रश्मिी टेरेंस आदि भी मौजूद रहे। पार्षद मुकेश गक्खड़ और रमन चौधरी भी शामिल रहे।