बेवा सपना अशोक लाट में अनशन पर

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

-10 मार्च 2021 में मुख्यमंत्री की रैली के दौरान पति की हुई थी मौत

बांदा। मार्च माह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर मुख्यालय स्थित जीआइसी मैदान में आगमन के दौरान नोनिया मोहाल निवासी विजयराज की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के बाद उसकी पत्नी सहित उसके बच्चों का सहारा छिन गया। बच्चों की शादी और पढ़ाई लिखाई भरण-पोषण को लेकर उत्पन्न हुई आर्थिक स्थिति के अभाव के कारण बढ़ी समस्याओं से निजात के लिए मृतक की पत्नी ने सरकार से आर्थिक मदद की दरकार की लेकिन जब उसे आर्थिक मदद न मिली तो उसने जनतांत्रिक पद्धति का सहारा लेकर अपनी मांग सहित आवाज को उठाने के लिए प्रशासन को सूचना देकर शनिवार से अशोक लाट में बच्चों सहित बैठकर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। 

इधर पड़ रही भीषण गर्मी बरस रही उपर से सूरज की तपन और नीचे से आंच उगल रही धरती के बीच अशोक लाट में बैठी सपना बेवा पत्नी विजयराज निवासी मरहीमाता नोनिया मोहाल ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में कहा है कि बीते मार्च माह 2021 की 10 तारीख को उनके आगमन के दौरान राजकीय इंटर कालेज बांदा मैदान में उनके पति विजयराज की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। प्रशासन ने आर्थिक मदद का तत्कालीन समय वादा किया था। सदर विधायक घर भी गए थे। 

आश्वस्त किया था लेकिन एक वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद शासन से कोई मदद न मिलने के कारण पीड़ित परिवार आर्थिक अभाव की तंगी से बदहाल जीवन जीने को मजबूर हो गया है। छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सामने रोटी से लगाकर पढ़ाई लिखाई और अन्य संकट खड़े हो गए हैं। अनशनकारी बेवा सपना के चार पुत्रियां हैं। शादी की समस्या भी सामने आ रही है। लड़कों की पढ़ाई में आर्थिक अभाव आड़े आ रहा है। प्रार्थिया ने कहा कि वह सब्जी बेचकर अपना पेट और परिवार चलाती है। शासन द्वारा अगर आर्थिक मदद मिल जाएगी तो परिवार चल जाएगा। तमाम संकट खत्म हो जाएंगे। क्रमिक अनशन में बैठी महिला सपना ने सरकार से अपेक्षा की है कि आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए।