संचारी रोगों से बचाव को सावधानी बहुत जरूरी

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

घर-घर दस्तक अभियान से किया जा रहा जागरूक

सहारनपुर। संक्रामक रोगों से बचाव बहुत जरूरी है। विभागीय कर्मियों द्वारा तरह-तरह के उपाय बताए जा रहे हैं। ऐसे में उपायों को अपनाकर संक्रामक रोगों की चपेट में आने से बचा जा सकता है। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. संजीव मांगलिक का। 

सीएमओ ने कहा है कि इस समय घर के अंदर व बाहर साफ-सफाई रखें और खाने से पहले साबुन से हाथ जरूर धोएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी एवं दस्तक अभियान की अंतर विभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा सभी 11 विभागों द्वारा अपना-अपना लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे समयबद्ध एवं गुणवत्ता से पूर्ण करना है। इस समय दस्तक अभियान चल रहा है। यह अभियान  30 अप्रैल 2022 तक चलाया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंच रही हैं। उनके द्वारा बुखार के मरीज, खांसी, जुकाम के लक्षण वाले व कुपोषित बच्चों एवं मलेरिया के लार्वा वाले घरों की सूची तैयार की जा रही है। इसके साथ ही संचारी रोगों से बचाव व रोकथाम के बारे में जानकारी भी दी जा रही है। इस तरह से संचारी रोगों के प्रति नागरिकों में जागरूकता आ रही है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ का कहना है कि हर हाल में सतर्कता जरूरी है। लापरवाही कदापि न करें। 

यह उपाय करें

शिवांका गौड़ ने बताया संचारी रोगों पर सीधा वार करने के लिए प्रचार सामग्री का भी सहारा लिया जा रहा है, जिसमें बचाव व उपाय के बारे में बताया गया है। बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। सिर, हाथ-पांव एवं पेट पर सामान्य पानी की पट्टी रखें। बुखार के समय पानी एवं अन्य तरल पदार्थों जैसे नारियल पानी, शिकंजी, ताजे फलों का रस इत्यादि का अधिक सेवन करें। हल्के सूती वस्त्र पहने तथा कमरे को ठंडा रखें। बिना चिकित्सक की सलाह के अनावश्यक औषधियों का सेवन न करें।

हेल्पलाइन बनेगी मददगार

उत्तर प्रदेश शासन की ओर से हेल्पलाइन नं. 1800-180-5145 जारी किया है। इस पर संपर्क करके भी चिकित्सकीय सहायता प्राप्त की जा सकती है।