धूमधाम से गणतंत्र दिवस पर फहराया गया तिरंगा, संविधान का हुआ बखान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क  

लालगंज, प्रतापगढ़। पचहत्तरवें गणतंत्र दिवस पर लालगंज क्षेत्र में झण्डा फहराये जाने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम दिखी। दीवानी न्यायालय में सिविल जज अरविन्द सिंह ने झण्डा फहराते हुए अधिवक्ताओं तथा न्यायिक संवर्ग के कर्मचारियों को संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया। यहां कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने किया। तहसील सभागार में गणतंत्र दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। एसडीएम लालधर सिंह यादव ने भारतीय संविधान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। राजस्व निरीक्षक धर्मराज, सुरेश यादव ने राष्ट्रीय एकता के गीत प्रस्तुत किये।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह व संचालन कर्मचारी नेता रामलोचन त्रिपाठी ने किया। समारोह में संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, रूरल बार के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल, अधिवक्ता गया प्रसाद मिश्रा तथा सोमनाथ मिश्र ने भी संविधान के विविध पहलुओं पर प्रकाश डाला। 

पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय पर सीओ रामसूरत सोनकर की अगुवाई में सशस्त्र बल ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ब्लाक मुख्यालय पर प्रमुख इं. अमित प्रताप सिंह पंकज तथा बीडीओ इंदु प्रकाश श्रीवास्तव के संयोजन में समारोहपूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया। नगर पंचायत कार्यालय पर चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी ने ध्वजारोहण किया। यहां स्वच्छताकर्मियों को चेयरपर्सन अनीता व प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने सम्मानित भी किया। लालगंज चौक पर उद्योग व्यापारमण्डल के अध्यक्ष उदयशंकर द्विवेदी की अगुवाई में व्यापारियों ने झण्डा फहराते हुए एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।

 नगर स्थित एचएन बहुगुणा पीजी कालेज में प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र मिश्र, सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कालेज में निदेशक आचार्य रामअवधेश मिश्र, वन प्रभाग में वन क्षेत्राधिकारी एसपी मिश्र, एसडीओ विद्युत कार्यालय पर एसडीओ आशुतोष कुमार, सीएचसी मुख्यालय पर अधीक्षक डॉ. अरविन्द गुप्ता, राम अंजोर इण्टर कालेज प्रधानाचार्य सुनील शुक्ल, अविनि इण्टर कालेज में प्रधानाचार्य सुरेश सिंह, चिल्डेन पैराडाइज स्कूल में प्रधानाचार्य आदर्श मिश्र, कमला नेहरू बालिका इण्टर कालेज में शोभा श्रीवास्तव, पुनीत इण्टर कालेज में प्रधानाचार्य बैजनाथ तिवारी आदि ने ध्वजारोहण किया। वहीं स्कूलों में बच्चो द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।