काशी से अयोध्या भेजा गया महाप्रसाद, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बाद रवाना हुआ श्रीराम का रथ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क 

वाराणसी। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर देश भर में उल्लास है। धार्मिक नगरी काशी भी अयोध्या के रंग में रंगी नजर आ रही है। शुक्रवार को काशी से अयोध्या के लिए 255 किलो लड्डू का महाप्रसाद भेजा गया। जिससे भगवान को भोग लगाया जाएगा। इस महाप्रसाद में 51-51 किलो के पांच लड्डू हैं। जिसे विशेष तरीके से तैयार कराया गया है। कचहरी स्थित दैत्राबीर बाबा मंदिर में शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग जुटे। भव्य तरीके से सजाए गए श्रीराम रथ में महाप्रसाद को ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार और शंखनाद द्वारा रखा गया। मंत्रों की गूंज और शंखों की नाद के बीच श्री राम का रथ रवाना किया गया। 

महाप्रसाद तैयार करने वाले कारीगरों ने बताया कि इस महाप्रसाद को बूंदी, पंचमेवा, देसी घी से तैयार किया गया है। इसे बनाने में चार से पांच दिन का समय लगा है। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री शिवानंद ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सपना साकार होने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह उनका संकल्प था कि वो महाप्रसाद अयोध्या भेजेंगे। लड्डू भेजते समय ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार और शंखनाद किया। भगवान श्री राम के रथ की पूजा अर्चना की गई। 

अयोध्या भेजी जा रही लड्डू की खासियत है कि वह पंचमेवे और शुद्ध देसी घी से बना है। शिवानंद राय ने कहा कि कई वर्षों बाद हम लोगों का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा भी संकल्प था कि जब मंदिर बनेगा तो बाबा विश्वनाथ की नगरी से अयोध्या तक प्रसाद लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम 51-51 किलो के पांच लड्डू अयोध्या के लिए लेकर जा रहे हैं। शाम तक हम अयोध्या पहुंच जाएंगे। यह 255 किलो के लड्डू को प्रभु राम के चरणों में अर्पण करेंगे। 22 जनवरी को इस लड्डू का भोग लगेगा।