IPL 2022: चेन्नई पहुंचे महेंद्र धोनी

 युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

आईपीएल के मेगा ऑक्शन के लिए सभी टीमों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल आईपीएल आठ की जगह 10 टीमों के बीच खेला जाएगा। दो नई फ्रेंचाइजी लखनऊ और अहमदाबाद के आने से ऑक्शन और भी मजेदार होने वाला है। सभी टीमें सही खिलाड़ियों के चुनाव के लिए प्लानिंग शुरू कर दी है। आईपीएल 2021 की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई पहुंच गए हैं। धोनी का यह आईपीएल में आखिरी सीजन और मेगा ऑक्शन हो सकता है। पिछला सीजन जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि वह अपने फैंस के सामने लीग से संन्यास लेना चाहते हैं। 

हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2022 के सभी मैच मुंबई के दो स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऐसे में धोनी होम ग्राउंड और चेन्नई के चेपक स्टेडियम में तो नहीं खेल पाएंगे, लेकिन अगर बीसीसीआई फैन्स को स्टेडियम आने की अनुमति देता है तो चेन्नई के फैन्स जरूर अपनी मौजूदगी से मुंबई के स्टेडियम को होम ग्राउंड बना देंगे। 

मेगा ऑक्शन का आयोजन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होना है। इसमें करीब दो हफ्ते का समय बाकी है। ऐसे में धोनी इस समय का पूरी तरह से उपयोग करना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी ऑक्शन के दौरान कोच के साथ टेबल पर मौजूद रह सकते हैं। धोनी ने टीम के टैलेंट स्काउट के साथ बातचीत भी शुरू कर दी है।

हालांकि, धोनी ऑक्शन में जाएंगे या नहीं, ये पूरी तरह से उनका फैसला होगा। वह नीलामी से पहले अपना फैसला बताएंगे, तभी इस पर कुछ साफ हो पाएगा। धोनी भविष्य को देखते हुए इस साल ऑक्शन में एक कप्तान बनने लायक खिलाड़ी को भी खरीद सकते हैं। हालांकि, धोनी ने अभी तक संन्यास को लेकर कोई भी बयान नहीं दिया है। हो सकता है वह अगला सीजन भी खेलें, लेकिन इसकी उम्मीद बेहद कम है।

पिछले सीजन की चैंपियन सीएसके (CSK) ने चार खिलाड़ियों को रीटेन किया। उन्होंने कप्तान एमएस धोनी को रीटेन किया। हालांकि, उन्हें रवींद्र जडेजा के बाद रीटेन किया गया। फ्रेंचाइजी द्वारा चुने गए बाकी दो खिलाड़ी मोईन अली और ऋतुराज गायकवाड़ हैं। जडेजा आईपीएल 2022 में अब तक चेन्नई के सबसे महंगे प्लेयर हैं। जडेजा को 16 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, धोनी की सैलरी से तीन करोड़ रुपये कट गए हैं।