अंडमान, घूमने के लिए भारत की प्रमुख जगहों में से एक है। इसकी अनुपम सुंदरता, वनस्पति और जीव-जंतुओं से भरी यह जगह मन को मोह लेती है। यहां कई आकर्षक जगहें, सूरज को चूमते समुद्री तट, मनमोहक पिकनिक स्पॉट्स और घूमने लायक कई अन्य आश्चर्यजनक जगहें हैं। यही वजह है कि लोग कहते हैं कि यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। हर साल यहां काफी लोग घूमने के लिए जाते हैं और एक बेहतरीन और कभी न भूलने वाली यादें लेकर जाते हैं। अंडमान में ठहरने की कोई दिक्कत नहीं है। यहां कई होटल, रिजॉर्ट्स, रेस्त्रां और कैफे मौजूद हैं, जो यहां आने वाले पर्यटकों को सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराते हैं। कुल मिलाकर, अंडमान एक बेहद ही खूबसूरत जगह है, जो छुट्टियों को यादगार बना देती है। अगर आप पूरी तरह से शांत जगह पर अपनी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक आदर्श स्थान है। आइए जानते हैं यहां घूमने लायक कौन-कौन सी जगहें हैं?
नेताजी सुभाष चंद्र बोस आइलैंड
पहले इस द्वीप को 'रॉस आइलैंड' के नाम से जाना जाता था। यह एक एतिहासिक धरोहर है, जो ब्रिटिश वास्तुशिल्प के खंडहरों, अपने विशाल तटों और खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। करीब 200 एकड़ में फैला यह द्वीप इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन जगह है।
सेल्यूलर जेल
इस जेल को 'काला पानी की सजा' के नाम से भी जाना जाता है। यह जेल ब्रिटिश राज की भयानक दास्तान बयां करती है। इसे अंग्रेजों द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को कैद रखने के लिए बनाया गया था। अब यह जेल एक पर्यटक स्थल बन गई है, जहां बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए जाते हैं।
नॉर्थ बे आइलैंड
नॉर्थ बे आइलैंड अंडमान द्वीप समूह के सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। यह द्वीप अपनी प्राकृतिक सुंदरता, लुभावनी प्रवाल भित्तियों और रोमांचक साहसिक गतिविधियों के लिए पर्यटकों द्वारा सबसे अधिक पसंद किया जाता है। स्कूबा डाइविंग, स्नोर्कलिंग, सी वॉकिंग और ग्लास बोट राइड जैसी गतिविधियां यहां पर्यटकों को सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं।