मऊ जनपद के जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल, जिलाधिकारी, मऊ की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील-मुहम्मदाबाद गोहना में आयोजित था। तहसील दिवस मे कुल 93 शिकायत/आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया अवशेष 80 शिकायत/आवेदन को नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध ढ़ंग से निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभागों को अन्तरित कर दिया गया है। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान यह संज्ञान में आया कि ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग द्वारा तहसील अन्तर्गत ग्राम-बड़ांगांव एवं अतरारी में हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर हेतु आवश्यक भूमि विवादित/अनुपलब्ध होने के कारण शासन द्वारा प्राप्त धनराशि का उपयोग नहीं हो पा रहा है। जिलाधिकारी श्री अमित सिंह बंसल द्वारा राजस्व, पुलिस एवं ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग की टीम गठित कर दोनो स्थलों पर निस्तारण हेतु भेजा गया। अधिशाषी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा श्री अरूण कुमार वर्मा द्वारा अपरान्ह 5.00 बजे यह अवगत कराया गया कि दोनो स्थलों पर भूमि चिन्हित कर कब्जा प्राप्त कर लिया गया है एवं हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर का कार्य कल दिनांक 19.09.2021 से प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
समाधान दिवस के दौरान यह भी प्रकरण संज्ञान में आया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का बैंक खाता नहीं खुल पा रहा है। प्रकरण के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी श्री अमित सिंह बंसल द्वारा लीड बैंक मैनेजर के प्रतिनिधि श्री दुर्गा एवं श्री उपेन्द्र पाठक जिला समन्वयक राष्ट्रीय स्वयं सहायता समूह मिशन की टीम गठित कर प्रकरण के निस्तारण हेतु बड़ौदा यू.पी. बैंक माहपुर भेजा गया। जिसके फलस्वरूप अपरान्ह 5.00 बजे तक चारों स्वयं सहायता समूहों का बैंक खाता खुल गया।
जिलाधिकारी श्री अमित सिंह बंसल द्वारा बताया गया कि शासन के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जन सामान्य के समस्याओं के सम्पूर्ण समाधान के लिए किया जाता है एवं उनकी समस्याओं का तत्काल नियमानुसार निराकरण जनपद में कराया जाता है।